सार्थक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा अवध पैलेस, अयोध्या बायपास रोड पर होली मिलन एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथ के तौर पर श्रीमती बिंदु खत्री ने शिरकत की. समारोह के दौरान “अन्न का एक एक दाना हमें है बचाना” थीम पर एक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य शादी समारोहों और पार्टियों में अन्न की बर्बादी को रोकना है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे हर शादी और पार्टी में अन्न बचाने की अपील करेंगी और लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगी। इस अवसर पर अभियान से संबंधित पोस्टर और पंपलेट भी लॉन्च किए गए।

सार्थक संस्था की अध्यक्ष दीपाली तिवारी ने बताया कि संस्था पिछले 7 वर्षों से सेवा, समर्पण और सहयोग के सिद्धांतों पर काम कर रही है। संस्था कुष्ठ रोगियों को भोजन और राशन सामग्री वितरित करने, गरीब बच्चों को किताबें और शैक्षणिक सामग्री प्रदान करने, गर्म कपड़े और कंबल बांटने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में संलग्न है।
इसके अलावा, संस्था महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफॉर्म प्रदान करती है। होली मिलन समारोह में महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच भी दिया गया। समारोह में राधा-कृष्ण के साथ फूलों की होली और ब्रज की लठमार होली का आयोजन किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारी दीपक दुबे, देवेंद्र तिवारी और कार्यकारिणी सदस्य स्वाति माधवी, श्वेता, निशा, स्वप्निल, ज्योति, कीर्ति, प्रेरणा, प्रियंका, रुचि, अंजू, वंदना और निशा का विशेष योगदान रहा।
सार्थक वेलफेयर सोसाइटी का यह प्रयास समाज में जागरूकता और सामाजिक सहयोग की नई मिसाल पेश करता है।





