BY: Yoganand Shrivastva
Ayushmann Khurrana Threat Case बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे बेंगलुरु से पकड़ा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अभिनेता तुषार कपूर सहित कुछ अन्य लोगों को भी धमकी भरे संदेश भेजे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं मिला है।
फिल्मी सितारों को अलग-अलग तरीकों से भेज रहा था धमकी
Ayushmann Khurrana Threat Case मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के अनुसार, वैभव मिश्रा पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले फिल्मी सितारों को अलग-अलग तरीकों से धमका रहा था। आयुष्मान खुराना को भी एक धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा गया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को निशाना बनाया और धमकी देने के पीछे उसका मकसद क्या था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर मांगे थे करोड़ों रुपये
Ayushmann Khurrana Threat Case आयुष्मान खुराना को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो में संदेश देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। ऑडियो में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के मुताबिक, उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध सामने नहीं आया है।
तुषार कपूर को भी मिला था धमकी भरा संदेश
Ayushmann Khurrana Threat Case इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला था। उस मामले में संदेश भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था और 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी।
Ayushmann Khurrana Threat Case इससे पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर भी हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा ईमेल के जरिए अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
पुलिस जांच में जुटी, धमकियों के पीछे की वजह तलाश रही क्राइम ब्रांच
फिलहाल मुंबई पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फिल्मी सितारों को धमकी देने के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर ऐसी हरकतें कर रहा है। आयुष्मान खुराना को मिली धमकी के मामले में जांच जारी है। खबर के अनुसार, इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे आयुष्मान
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना आखिरी बार सारा अली खान के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। इस कॉमेडी ड्रामा में उन्होंने एक पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका निभाई थी, जिसकी याददाश्त चली जाती है। फिल्म में उनके अभिनय की तारीफ हुई थी।


