Bhopal Farmers :भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे दो ज्ञापन, चार वर्षों की लंबित फसल बीमा राशि जारी करने की मांग
by: ajay nigam
Bhopal Farmers : भोपाल। भोपाल की हुजूर तहसील में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने आवाज उठाई है। संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर भोपाल विकास योजना-2047 के तहत प्रस्तावित भोजताल प्रभाव क्षेत्र-2 (BIZ&2) में किसानों के हित में संशोधन करने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष अखिलेश मीणा ने कहा कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास योजनाओं के नाम पर उनकी कृषि भूमि और वैधानिक अधिकारों को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
Bhopal Farmers : भोजताल प्रभाव क्षेत्र-2 की दोबारा समीक्षा की मांग
भारतीय किसान संघ ने भोपाल विकास योजना-2047 के प्रस्तावित भोजताल प्रभाव क्षेत्र-2 की ग्रामवार और खसरा-वार समीक्षा कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जिन क्षेत्रों में वास्तविक रूप से जलग्रहण या संरक्षण की आवश्यकता नहीं है, उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर रखा जाना चाहिए।

Bhopal Farmers : ज्ञापन में भोपाल-सीहोर मार्ग के उत्तरी हिस्से में स्थित बैरागढ़ कला, भैंसाखेड़ी, भौरी, बकानिया, जमोनिया, कोलूखेड़ी, सालम बरखेड़ा, खजूरी और फंदा सहित अन्य गांवों का उल्लेख किया गया है। संगठन ने इन गांवों की मौजूदा बसाहट और विकास की स्थिति को ध्यान में रखते हुए भूमि उपयोग के प्रावधानों में जरूरी बदलाव करने की मांग की है।
इसके अलावा पहले से सक्षम प्राधिकरणों द्वारा स्वीकृत कॉलोनियों और विकास कार्यों को संरक्षण देने की बात कही गई है। संगठन ने किसानों और अन्य भूमि स्वामियों के लिए एक समान नीति और नियम लागू करने की मांग भी रखी है।
Bhopal Farmers : चार वर्षों की फसल बीमा राशि का भुगतान कराने की मांग
दूसरे ज्ञापन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों की लंबित राशि जारी करने का मुद्दा उठाया गया। भारतीय किसान संघ के अनुसार, हुजूर तहसील में वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, बेमौसम बारिश और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद कई पात्र किसानों को बीमा राशि नहीं मिली है।
Bhopal Farmers : संगठन ने फसल कटाई प्रयोग (CCE) से जुड़ी समस्याओं के साथ बीमा पोर्टल पर किसानों के नाम, खसरा नंबर और रकबे में दर्ज गलतियों को दूर करने की मांग की है। इसके अलावा सर्वे प्रक्रिया और बीमा कंपनियों से संबंधित लंबित मामलों का भी जल्द निराकरण करने की बात कही गई है।
Bhopal Farmers : जगदीशपुर की तरह हुजूर के किसानों को भी मिले भुगतान
भारतीय किसान संघ ने ज्ञापन में जगदीशपुर क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में सिंगल क्लिक के माध्यम से फसल बीमा राशि वितरित किए जाने का उल्लेख किया। संगठन का कहना है कि इसी तरह हुजूर तहसील के पात्र किसानों को भी लंबित वर्षों की बीमा राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए।
भारतीय किसान संघ ने शासन से दोनों मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि कृषि भूमि की सुरक्षा और किसानों के वैधानिक अधिकारों से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
read more : UP BJP : 2027 के लिए ‘शाह’ का दांव, अंगद का पांव, उत्तरप्रदेश में बीजेपी ने किया चुनावी शंखनाद


