INDvsPAK Womens T20WorldCup : भारत का रिकॉर्ड शानदार, पाक कप्तान फातिमा सना की फिटनेस पर संकट
INDvsPAK Womens T20WorldCup : विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर देखने को मिलेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के लिए यह टूर्नामेंट का पहला मुकाबला है और शुरुआत जीत के साथ करने का दबाव भी रहेगा। भारत पिछले संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंचा था, जबकि पाकिस्तान ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सका था। ऐसे में दोनों टीमों की नजरें इस बार दमदार आगाज पर टिकी हैं।

IND- AFG पहला वनडे आज, नहीं खेलेंगे विराट-हार्दिक, जानें कब-कहां देखें लाइव मुकाबला
INDvsPAK Womens T20WorldCup : भारत का पलड़ा भारी, वर्ल्ड कप में भी शानदार रिकॉर्ड
भारत और Pakistan के बीच अब तक 16 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को केवल तीन बार सफलता मिली है। अगर टी-20 वर्ल्ड कप की बात करें तो दोनों टीमें आठ बार आमने-सामने आई हैं। इनमें भारत ने छह मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान केवल दो मैच अपने नाम कर पाया है। यही वजह है कि आंकड़े भारतीय टीम को स्पष्ट बढ़त देते नजर आते हैं।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : फातिमा सना की चोट ने बढ़ाई पाकिस्तान की चिंता
मुकाबले से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लग सकता है। कप्तान फातिमा सना अभ्यास सत्र के दौरान घुटने में चोट लगने से परेशान हैं। नेट्स में टीम की साथी खिलाड़ी आयशा जफर का शॉट सीधे उनके दाएं घुटने पर लगा, जिसके बाद वह अभ्यास पूरा नहीं कर सकीं। फातिमा पाकिस्तान की सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडर हैं। पिछले एक साल में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में उनका बाहर रहना पाकिस्तान के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : शेफाली-मंधाना पर रहेगी मजबूत शुरुआत की जिम्मेदारी
भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उसका टॉप ऑर्डर है। शेफाली वर्मा पिछले डेढ़ साल में टीम की सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रही हैं। उनके आक्रामक अंदाज ने कई मैचों में भारत को तेज शुरुआत दिलाई है। दूसरी ओर स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं और बड़े मैचों में जिम्मेदारी संभालने के लिए जानी जाती हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा की मौजूदगी भारतीय मध्यक्रम को भी बेहद मजबूत बनाती है।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : गेंदबाजी में भी भारत के पास मजबूत विकल्प
स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों विभागों में भारत संतुलित नजर आता है। श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और अरुंधति रेड्डी हाल के समय में लगातार विकेट निकालने में सफल रही हैं। यही वजह है कि भारतीय गेंदबाजी आक्रमण पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकता है।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : पाकिस्तान की उम्मीदें अनुभवी खिलाड़ियों पर टिकीं
यदि फातिमा सना फिट नहीं हो पाती हैं तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी मुनीबा अली, आयशा जफर और आलिया रियाज पर होगी। युवा बल्लेबाज इमन फातिमा भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं। गेंदबाजी में सादिया इकबाल, नशरा संधू और तुबा हसन की स्पिन तिकड़ी पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : मौसम और पिच रिपोर्ट
बर्मिंघम में मैच के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। हल्के बादल और हवा के कारण शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। एजबेस्टन की पिच संतुलित मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलती है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर स्पिनरों की भूमिका बढ़ जाती है। यहां महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 145 रन रहा है।
INDvsPAK Womens T20WorldCup : कहां देख सकते हैं मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर होंगी कि क्या भारत अपने शानदार रिकॉर्ड को आगे बढ़ा पाएगा या पाकिस्तान कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल रहेगा।





