CG: जानें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें..
1. केरल पहुंचा मानसून, छत्तीसगढ़ में अभी इंतजार
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में इसके प्रवेश का इंतजार बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
2. भारतमाला मुआवजा घोटाले में कारोबारी गांधी गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित मुआवजा घोटाले में कारोबारी गांधी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि 56 लाख रुपये मूल्य की जमीन पर 9.83 करोड़ रुपये का मुआवजा लिया गया, जिसे बाद में शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश किया गया।
3. मंत्रिमंडल विस्तार पर मुख्यमंत्री का बड़ा संकेत
बिलासपुर दौरे पर मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, “आगे-आगे देखिए होता है क्या।” समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को राजस्व मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
4. नगरीय निकाय उपचुनाव में भाजपा को बढ़त
छत्तीसगढ़ के निकाय उपचुनाव में पांच में से तीन अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में गए हैं। वहीं जगदलपुर और बिलासपुर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में लागू आचार संहिता भी समाप्त हो गई है।
5. कांग्रेस भवन से 70 नल टोंटियां चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर में कांग्रेस भवन से 70 नल टोंटियां चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 20 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने भवन के फर्श पर “I LOVE YOU” लिखकर भी सनसनी फैलाई थी। पूछताछ में चोरी का कारण शराब के लिए पैसे जुटाना बताया गया।
6. 100 साल पुराने पंडरीतराई तालाब का होगा कायाकल्प
जगदलपुर के ऐतिहासिक पंडरीतराई तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनर्जीवन का कार्य शुरू हो गया है। लगभग 78 लाख रुपये की लागत से तालाब की गहराई 3 फीट से बढ़ाकर 8 फीट की जा रही है, जिससे जल संरक्षण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
7. हाथियों की मौत पर रायगढ़ में राष्ट्रीय कार्यशाला
रायगढ़ में एशियाई हाथियों की मौत और संरक्षण से जुड़े विषयों पर विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है। देहरादून, बरेली और जबलपुर सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ इसमें भाग लेकर वैज्ञानिक जानकारी साझा करेंगे।
8. रायपुर से गोंदिया तक सीधा रेल सफर आसान
रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 8 जून से रायपुर-डोंगरगढ़ और डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू ट्रेनों का संचालन एकीकृत किया जाएगा। इससे यात्रियों को बिना ट्रेन बदले रायपुर से गोंदिया तक सीधा सफर करने की सुविधा मिलेगी।
9. बिलासपुर के बुधवारी बाजार में भीषण आग
बिलासपुर के बुधवारी बाजार में आग लगने से साइकिल स्टोर, रेडीमेड दुकान समेत चार दुकानें जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
10. मिट्टी परीक्षण के बिना धान खेती पड़ सकती है महंगी
कृषि विशेषज्ञों ने बताया है कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में जिंक, सल्फर और बोरॉन जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी पाई जा रही है। किसानों को धान की बुवाई से पहले मिट्टी की जांच कराने की सलाह दी गई है, ताकि खाद का सही उपयोग हो और पैदावार बेहतर मिल सके।





