YoungAchiever : नई दिल्ली, ग्रेटर नोएडा के शिव नादर स्कूल की कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा Siddhi Kochar को सामाजिक सेवा, डिजिटल जागरूकता और सतत जीवनशैली के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए University of Delhi के विधि प्रकोष्ठ (Law Centre–II) में सम्मानित किया गया। यह सम्मान दिल्ली विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका डॉ. शिखा काम्बोज (Assistant Professor, Law Centre–II, Faculty of Law) द्वारा प्रदान किया गया, इस अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता तेजस्वी गोयल फाउंडर ऑफ़ दिशा फाउंडेशन भी उनके साथ उपस्थित रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से सिद्धि कोचर के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
YoungAchiever : डिजिटल जागरूकता, उपभोक्ता अधिकारों के लिए सराहनीय कार्य को मिला सम्मान
सिद्धि कोचर को यह सम्मान विशेष रूप से डिजिटल उपभोक्ता जागरूकता, उपभोक्ता अधिकारों के प्रचार-प्रसार, साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के क्षेत्र में किए गए उनके अत्यंत सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने विभिन्न आवासीय क्षेत्रों एवं विद्यालयों में जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन कर विद्यार्थियों एवं नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, UPI सुरक्षा, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019, फिशिंग, फर्जी OTP एवं डिजिटल ठगी के प्रति जागरूक किया है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं घरेलू कार्यकर्ताओं जैसे संवेदनशील वर्गों के बीच विशेष अभियान चलाकर उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे विषयों पर भी समाज में जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया है।
डॉ. शिखा काम्बोज ने अपने संबोधन में सिद्धि कोचर की प्रशंसा करते हुए कहा कि “सिद्धि कोचर एक मेधावी एवं अनुशासित छात्रा हैं, जिनमें सामाजिक दायित्व का गहरा भाव है। उनका कार्य यह दर्शाता है कि युवा पीढ़ी यदि सही दिशा में प्रयास करे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। सिद्धि देश का उज्ज्वल भविष्य हैं।
YoungAchiever : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिली पहचान
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सिद्धि कोचर का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित MIT University Summer Program (RSI), USA हेतु हुआ है तथा उनका वीज़ा भी प्राप्त हो चुका है, जो उनकी प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि प्रकोष्ठ के LLB के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं के समक्ष सिद्धि कोचर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। अपने संक्षिप्त वक्तव्य में सिद्धि कोचर ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा इस अवसर के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय, विधि प्रकोष्ठ एवं डॉ. शिखा काम्बोज सहित सभी गुरुजनों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह सम्मान सिद्धि कोचर द्वारा इस क्षेत्र में किए गए अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यों की स्वीकृति है तथा यह देश की युवा शक्ति के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।





