पुलिस ने कहा बिना अनुमति करने वाले थे प्रदर्शन
इंदौर: MPPSC दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन करने वाले नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन के दो सदस्यों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था और गुरुवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा है। पुलिस का कहना है कि वे बिना अनुमति धरना प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे। इससे पहले भी MPPSC न्याय यात्रा के दौरान उन पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बुधवार को भंवरकुआं पुलिस ने नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन के दो सदस्य को उनके घर से उठा लिया था। वे दोपहर 12 बजे डीडी पार्क में एक बैठक करने वाले थे। इसके लिए राधे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो डाला था। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आने की अपील की थी। बुधवार सुबह जब अभ्यर्थी पार्क जाने वाले थे, उससे पहले ही पुलिस ने राधे जाट और रंजीत किसानवंशी को उनके घर से उठा लिया। इसके बाद उनके साथियों ने यूथ यूनियन के x हैंडल से पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी। पोस्ट में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कांग्रेस प्रदेशाध्याक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य लोगों को टैग किया था। इधर दोनों अभ्यर्थियों को पुलिस द्वारा उठाए जाने के बाद बाकी साथी कई घंटों तक परेशान होते रहे। उन्होंने अलग अलग थानों में जाकर उनकी खोजबीन की कोशिश की, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला।





