रिपोर्ट- अभिलाष देवांगन, एडिट- विजय नंदन
राजनांदगांव: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज राजनांदगांव जिले के दौरे पर आकर यहाँ के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। उन्होंने सबसे पहले स्वर्गीय श्री जुगल किशोर जी सारडा स्मृति उदयाचल मल्टीस्पेशलिटी आई केयर इंस्टीट्यूट का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद, उपराष्ट्रपति ने राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित विशाल ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

छत्तीसगढ़ निर्माण में अटल जी और डॉ. रमन सिंह के योगदान को सराहा
सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रयासों को याद किया और इसे एक सफल प्रयास बताया।
उपराष्ट्रपति ने अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि “जिस समय छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश का अभिन्न अंग हुआ करता था, तब छत्तीसगढ़ निर्माण में यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और मैंने छत्तीसगढ़ निर्माण के पक्ष में वोट किया था।
उन्होंने आगे कहा कि आज छत्तीसगढ़ अपनी युवा अवस्था में है और लगातार विकास कर रहा है। उन्होंने अपने पद का हवाला देते हुए कहा कि जैसे-जैसे छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा है, ठीक वैसे-वैसे मेरा भी विकास हो रहा है; पहले मैं सामान्य सदस्य हुआ करता था, आज भारत के उपराष्ट्रपति पद पर हूँ।

महतारी वंदन योजना की राशि का हस्तांतरण
संस्कारधानी राजनांदगांव में माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी के द्वारा महतारी वंदन योजना की 21वीं किस्त के रूप में 647 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि सीधे 69 लाख से अधिक बहनों के खातों में पहुँची है। हमारी सरकार माताओं-बहनों के स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर कार्य कर रही है। अब तक महतारी वंदन योजना के माध्यम से 13,671 करोड़ 68 लाख रुपये बहनों के खातों में पहुंचे हैं। सबसे विशेष बात यह है कि इस बार लाभार्थियों में बस्तर संभाग की 7,658 महिलाएँ भी शामिल हैं, जो माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुए 327 गांवों में रहती हैं। नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत इन गांवों में विकास की रोशनी पहुँची है और अब पहली बार, इन्हीं बहनों के खातों में महतारी वंदन की सम्मान राशि पहुँची है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी ने महतारी वंदन योजना की 21वीं किस्त जारी की। इस बार बस्तर के माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुए 327 गांवों की 7,658 महिलाओं को भी योजना का पहली बार लाभ मिला है।
राजनांदगांव में माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी के साथ नवीन नेत्र चिकित्सा एवं शोध संस्थान का शुभारंभ किया। यह अत्याधुनिक अस्पताल, नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका जी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी, कैबिनेट के साथी श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी, श्री गजेन्द्र यादव जी, महापौर श्री मधुसूदन यादव जी उपस्थित रहे।





