Reporter: Arun Kumar, Edit By: Mohit Jain
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मंगलवार शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उनके आगमन पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन, सीएम योगी ने भेंट किया प्रसाद
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गुरु गोरखनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शिव गोरक्ष नाम अंकित अंगवस्त्र, मंदिर का प्रसाद एवं स्मृति स्वरूप उपहार भेंट किया।
नाथपंथ के इतिहास की मिली विस्तृत जानकारी
दर्शन-पूजन के बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के साथ गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नाथपंथ के इतिहास, उसके विस्तार, गुरु गोरखनाथ के जीवन दर्शन और इस परंपरा के महान संतों के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संस्थापक सप्ताह समारोह में शामिल होने आए हैं गोरखपुर
उत्तराखंड के राज्यपाल बुधवार 10 दिसंबर को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के 93वें संस्थापक सप्ताह समारोह के मुख्य महोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने गोरखपुर आए हैं। मंदिर भ्रमण के बाद वे मुख्यमंत्री योगी की मेजबानी में रात्रि भोज में शामिल हुए, जहां उन्होंने उत्तराखंड से लाए गए उपहार, अंगवस्त्र और मंदिर की प्रतिकृति मुख्यमंत्री को भेंट की।





