Report: Vandna Rawat
Seva Sankalp Abhiyan उत्तर प्रदेश में स्वच्छता, जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार बड़े स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘जन सेवा पर्व’ आयोजित करने जा रही है। अभियान की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में लखनऊ के संगम भवन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरविभागीय बैठक हुई। बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए कई निर्देश दिए गए।
हर विभाग में नोडल अधिकारी होंगे नामित
Seva Sankalp Abhiyan मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सभी विभागों को अपने स्तर पर एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अभियान के दौरान विभागों के बीच समन्वय बेहतर हो सके और जनसमस्याओं का तेजी से समाधान किया जा सके।
Seva Sankalp Abhiyan सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को अपने उपलब्ध सभागारों और अन्य संसाधनों को एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए यथासंभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक आयोजित कर उन्हें अभियान की जानकारी देने को कहा गया है, जिससे वार्ड स्तर तक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
डिजिटल माध्यमों और सेवा सेतु कैंप से होगा योजनाओं का प्रचार
Seva Sankalp Abhiyan बैठक में नगर निकायों में उपलब्ध डिजिटल बोर्डों पर संस्कृति विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो चलाने के निर्देश दिए गए। इन वीडियो के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
जहां नगर निकायों या ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी उपलब्ध हैं, वहां भी विशेष प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा सभी नगर निकायों में ‘सेवा सेतु’ के तहत कैंप लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन, 25 सितंबर से विशेष सफाई अभियान
Seva Sankalp Abhiyan मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने और अपना आशीर्वाद व्यक्त करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, बड़े अस्पताल और प्रमुख सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों को प्रकाश व्यवस्था से सजाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कार्यालयों को भी स्वच्छ और सुंदर रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में वाराणसी से वडनगर, गुजरात तक प्रस्तावित यात्रा के मार्ग में आने वाले जिलों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लगातार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। विभागों और स्थानीय निकायों को अपने कार्यों की डिजिटल रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने को कहा गया है।
वहीं, मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर बिजली से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी करने और दिन के समय अनावश्यक रूप से उनके चालू रहने पर रोक सुनिश्चित करने को भी कहा गया।


