Report: Vandna Rawat
UP Clean Energy Policy मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वच्छ, सतत और किफायती ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) की ओर से आयोजित पॉवरिंग विकसित भारत-2047: सबनेशनल पाथवे फॉर इंडिया एनर्जी ट्रांजीशन विषयक बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, विद्युत ग्रिड के आधुनिकीकरण और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
स्वच्छ ऊर्जा और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति पर जोर
UP Clean Energy Policy ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने, नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार करने और नागरिकों को विश्वसनीय तथा किफायती बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करना, आधुनिक तकनीक अपनाना और विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाना आवश्यक है। इन प्रयासों से ऊर्जा क्षेत्र को अधिक सक्षम और टिकाऊ बनाने में मदद मिलेगी।
निवेश और आधुनिक तकनीक से मजबूत होगा ऊर्जा क्षेत्र
UP Clean Energy Policy मंत्री ने कहा कि ऊर्जा संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने से प्रदेश में आधुनिक एवं सक्षम ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है। ऊर्जा संक्रमण को प्रभावी बनाने के लिए राज्यों के बीच समन्वय, अनुभवों का आदान-प्रदान और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां तैयार करना भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वच्छ, सतत और किफायती ऊर्जा व्यवस्था के विकास के माध्यम से विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प में प्रभावी योगदान देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।


