Report: Ratan kumar
Jamtara Cyber Crime Arrest साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी गांव में छापेमारी के दौरान आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
Jamtara Cyber Crime Arrest पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने सुगापहाड़ी गांव में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापा मारा। इस दौरान कथित तौर पर साइबर ठगी में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुगापहाड़ी निवासी वाजिद अंसारी (32) और बरमुंडी निवासी हसबुल अंसारी (24) के रूप में हुई है। दोनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर करते थे ठगी
Jamtara Cyber Crime Arrest पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड बनवाने का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। इस तरीके से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गतिविधियां देश के विभिन्न राज्यों तक फैली हुई थीं।
साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/26 के तहत 27 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


