Report; Vijay gupta
Dhirendra Krishna Shastri Statement बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे दतिया स्थित विश्वविख्यात मां पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां बगलामुखी की विशेष पूजा-अर्चना की और प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।
पीतांबरा पीठ पहुंचने से पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दतिया स्थित निवास ‘माई कृपा’ पहुंचे, जहां नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। दर्शन के दौरान बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
‘हिंदुओं को हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’
Dhirendra Krishna Shastri Statement पत्रकारों से चर्चा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन और हिंदुत्व को मुसलमानों तथा ईसाइयों से अपेक्षाकृत कम खतरा है, जबकि हिंदुओं को हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा है। उन्होंने कहा कि वे लोगों को जागरूक करने आए हैं।
अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लोगों को जगाने का काम करता है, उसे विरोध का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुर्गे का उदाहरण देते हुए कहा कि सबसे ज्यादा जगाने का काम मुर्गा करता है और सबसे ज्यादा काटा भी वही जाता है।
‘प्रतिमा के दर्शन करते हो, प्रतिमाह भी दर्शन करो’
Dhirendra Krishna Shastri Statement मां पीतांबरा पीठ के प्रति अपनी आस्था और जुड़ाव व्यक्त करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह भूमि तपोस्थली है और मां बगलामुखी की इस पावन भूमि से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव आगे भी बना रहे।
उन्होंने लोगों को संदेश देते हुए कहा, “प्रतिमा के तो दर्शन करते हो, प्रतिमाह भी दर्शन करो।” उन्होंने इसे अपना संदेश बताया।
पंडोखर धाम के बाबा पर टिप्पणी करने से बचे
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जब पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि वे संतों पर किसी प्रकार की टीका-टिप्पणी नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि दोनों संतों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहने की बात सामने आती रही है। मां पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शिवपुरी जिले के करेरा के लिए रवाना हो गए, जहां हनुमान कथा का आयोजन चल रहा है।
Read this: तीन बार के पैरा एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट Neeraj Yadav की मौत, जहर खाने की बात आई सामने


