by: ajay nigam
MPMRCL मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के भोपाल एवं इंदौर कार्यालयों में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” है, जो पारदर्शिता, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से समृद्धि और सुशासन को बढ़ावा देने का संदेश देती है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री एस. कृष्ण चैतन्य ने अपने संदेश में कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही किसी भी संस्थान की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ करने तथा कार्यप्रणाली में नैतिक मूल्यों और सुशासन के उच्चतम मानकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के निर्माण में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
MPMRCL भोपाल एवं इंदौर कार्यालयों में सत्यनिष्ठा की शपथ
भोपाल कार्यालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री राजेश सोनी की अध्यक्षता में तथा इंदौर कार्यालय में डायरेक्टर प्रोजेक्ट श्री संदीप गेमावत की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी ने भ्रष्टाचार के उन्मूलन, पारदर्शिता बनाए रखने तथा अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने का संकल्प लिया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को सुदृढ़ करना है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप स्वच्छ, पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
ये भी जानिए : MP Religious Tourism : धार्मिक लोक बन रहे मध्यप्रदेश की पहचान, धर्म, संस्कृति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था का संगम


