Muzaffarnagar Akshay Kumar Murder उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। खतौली कोतवाली क्षेत्र में अक्षय कुमार नाम के युवक पर ईंटों से हमला किए जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, खतौली कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर गांव निवासी अक्षय कुमार ने वर्ष 2025 में रसूलपुर गांव की रुदमा से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि इस विवाह के बाद से युवती के परिजन अक्षय से रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते सोमवार शाम चुना भट्टी रोड पर अक्षय को घेरकर ईंटों से बुरी तरह पीटा गया। हमले के बाद आरोपी उसे मृत समझकर मौके से चले गए।
मेरठ में उपचार के दौरान हुई मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
Muzaffarnagar Akshay Kumar Murder घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अक्षय को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 26 तारीख की शाम पुलिस को अक्षय के घायल अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक वर्ष 2025 में युवती को अपने साथ ले गया था और तभी से वह उसके साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश होने की जानकारी मिली है। पुलिस उन अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन पर घटना की जानकारी दूसरे पक्ष तक पहुंचाने का संदेह है।
चाचा ने की आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग
Muzaffarnagar Akshay Kumar Murder मृतक के चाचा इंद्र कुमार ने बताया कि अक्षय सोमवार को खतौली आया था, जहां चार-पांच लोगों ने मिलकर उस पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेम विवाह से जुड़े पुराने विवाद के कारण अक्षय को निशाना बनाया गया। परिवार ने घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
इंद्र कुमार के अनुसार, घटना के बाद अक्षय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


