राजिम।
ग्राम कुम्हरमरा में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के स्कूल के पास नहर में एक युवक की लाश तैरती हुई देखी गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पाण्डुका पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला।
मृतक युवक की पहचान कुलेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम अतरमरा का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नहर की ओर गया था। दो दिनों से वह घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की सूचना भी परिजनों ने दी थी।
फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
गांव में युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पाण्डुका पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।





