समावेशी विकास की ओर बढ़ा कदम
रायपुर, 29 मई 2025
छत्तीसगढ़ में समावेशी और मानव केंद्रित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यपाल रमेन डेका ने एक प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है। उन्होंने रायपुर जिले के टेमरी, सोनपुरी और मड़वा डीह गांवों को गोद लिया है। इस कदम का उद्देश्य इन गांवों को आदर्श गांवों के रूप में विकसित करना है।
आदर्श गांव की तर्ज पर होगा विकास
राज्यपाल डेका ने इन गांवों में संपूर्ण और समावेशी विकास का संकल्प लिया है। इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस पहल से ग्रामीणों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाने की उम्मीद की जा रही है।
फीडबैक के आधार पर लिया निर्णय
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल ने पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर फीडबैक लिया था, जिसमें ग्रामीण अंचलों की समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से समझा। इस अनुभव के आधार पर उन्होंने इन तीन गांवों को गोद लेने का निर्णय लिया, ताकि उनके विकास के लिए मॉडल दृष्टिकोण अपनाया जा सके।
मानव केंद्रित दृष्टिकोण
राज्यपाल डेका ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका उद्देश्य मानव केंद्रित समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।





