रिपोर्ट- जावेद हुसैन
Congress Protest : डोईवाला में परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के घेराव की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

Congress Protest : जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परवादून क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। इनमें रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय की स्थापना निरस्त होना, बापूनगर (ऋषिकेश) का वन भूमि विवाद, डोईवाला टोल प्लाजा का आर्थिक बोझ, डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे मुद्दे शामिल रहे।
Congress Protest : सुसवा नदी प्रदूषण का मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान सुसवा नदी में बढ़ते प्रदूषण को भी बड़ा मुद्दा बताया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नदी में सीवरेज और प्लास्टिक कचरा गिरने से गंगा प्रदूषण बढ़ रहा है, जो आगामी कुंभ के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
Congress Protest : विकास कार्यों की मांगें
कांग्रेस ने मांग की कि रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय को उसके पूर्व निर्धारित स्थान पर ही स्थापित किया जाए। साथ ही बापूनगर के लोगों को वन भूमि विवाद से राहत देकर क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की गई। इसके अलावा डोईवाला टोल प्लाजा हटाने या स्थानीय लोगों को पूर्ण छूट देने की मांग भी उठाई गई।
Congress Protest : पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के घेराव की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
Congress Protest : कांग्रेस का आरोप
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

