रिपोर्टर: देवेंद्र जायसवाल
इंदौर: खरगोन जिले की 50 वर्षीय महिला पिछले दो वर्षों से पेट में असामान्य सूजन और भारीपन की समस्या झेल रही थी। स्थानीय डॉक्टरों ने गठान की आशंका जताई और उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी।
एमवाय अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों को पेट में दो बड़ी गठानों का पता चला, जिनका संयुक्त वजन करीब 15 किलो था। हैरानी की बात यह थी कि इन गठानों की वजह से मरीज की बच्चेदानी पूरी तरह एक विशाल गठान में बदल गई थी, जो किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती थी।
महिला का पिछले माह अस्पताल में भर्ती कर परीक्षण किया गया। स्थिति बेहद गंभीर थी इसलिए डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम ने ढाई घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन में बच्चेदानी सहित दोनों विशाल गठानों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही।
डॉक्टरों के अनुसार इतनी बड़ी गठानें बहुत कम देखने में आती हैं, और समय पर ऑपरेशन न होने पर महिला की जान को बड़ा खतरा हो सकता था। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है। परिजनों ने एमवाय अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया है, जिसने मरीज को नया जीवन दिया।





