Report: Vijay Ahirwar
Guna Theft गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के दिरोली गांव में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी से भरी तिजोरी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए माल की अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Guna Theft लोहे की खिड़की काटकर घर में घुसे, सुबह खुली चोरी की पोल
जानकारी के मुताबिक चक चुरेला निवासी बाबूलाल मीना के घर में रात करीब ढाई बजे से चार बजे के बीच चोरी हुई। बदमाशों ने मकान की लोहे की खिड़की के सरिए काटकर अंदर प्रवेश किया और मुख्य दरवाजा खोल लिया। इसके बाद घर में रखी पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए। सुबह करीब 4:45 बजे परिजनों की नींद खुली तो घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी गायब थी।
Guna Theft ढाई किलो सोना, तीन किलो चांदी और नकदी होने का दावा, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार का कहना है कि तिजोरी में करीब ढाई किलो सोना, तीन किलो चांदी और 12 लाख रुपये नकद रखे थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि वारदात में एक दर्जन से अधिक बदमाश शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


