रिपोर्ट: दिनेश गुप्ता
अंबिकापुर के गंगापुर वार्ड में वर्षों से विवाद का कारण बनी शराब दुकान को आखिरकार हटा दिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के लगातार विरोध के बाद प्रशासन ने दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया। दुकान हटते ही पूरे मोहल्ले में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
अंबिकापुर के गंगापुर वार्ड में संचालित शराब दुकान के खिलाफ पिछले कई सालों से विरोध तेज था। स्थानीय महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कई बार प्रदर्शन किए और प्रशासन को सैकड़ों ज्ञापन सौंपे। लेकिन लगातार संघर्ष के बाद आखिरकार उनकी आवाज सुनी गई। प्रशासन ने शराब दुकान को गंगापुर से हटाने का आदेश जारी किया और दुकान को स्थानांतरित कर दिया गया। इस निर्णय के बाद पूरे वार्ड में राहत की भावना दिखाई दी।

दुकान हटते ही गंगापुर में लोगों ने भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया। समाजसेवियों और आंदोलन में साथ देने वाले नागरिकों का सम्मान भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मीडिया और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि मीडिया की लगातार कवरेज से इस मुद्दे को मजबूती मिली और वर्षों से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हुई। गंगापुर के लोग इसे अपनी बड़ी जीत मान रहे हैं। लंबे संघर्ष के बाद मिली इस राहत ने पूरे वार्ड के माहौल को उत्साह और खुशी से भर दिया है।





