नोएडा के सेक्टर 63 थाना क्षेत्र स्थित बहलोलपुर इलाके में तब अचानक चीख पुकार का माहौल हो गया, जब एक तीन मंज़िला इमारत भर भराकर ढह गई। आमतौर पर बारिश, आंधी, तूफान में मकान गिरने के मामले सामने आते है, लेकिन इस मामले में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। मकान के बगल के प्लॉट की एक नींव खोदी जा रही थी, इसी बीच पास का मकान हादसे का शिकार हो गया।
प्लॉट पर काम कर रहे मज़दूर दबे
पूरा मामला हनुमान मंदिर क्षेत्र का है। जहां प्लॉट पर नींव खोदी जा रही थी, इसी बीच पास ही मौजूद एक तीन मंज़िला मकान की इमारत भर भराकर गिर गई। जिस कारण प्लॉट पर काम कर रहे चार मज़दूर मलबे में दब गए। मकान गिरते ही पूरे क्षेत्र में चीख पुकार का माहौल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस और एम्बुलेंस को दी। जिसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से मलबा हटाकर मज़दूरों की तलाश शुरू की। रेस्क्यू टीम ने दो मज़दूरों को बाहर निकाल लिया है, जबकि दो मज़दूर अब भी अंदर फंसे हुए है।
प्रशासन पर गंभीर सवाल
नोएडा जैसे आधुनिक क्षेत्र में इस प्रकार के मामले ने कई सवाल खड़े किए है। क्या मामले की जानकारी प्रशासन को नहीं थी, अगर थी तो सुरक्षा के माकूल इंतेज़ाम क्यों नहीं किए गए। आम तौर पर हादसों को रोकने के लिए खुदाई से पहले पड़ोस के मकानों की दशा समझी जाती है। साथ ही संदेह की स्थिति में पड़ोस के मकान को खाली भी करवाया जाता है।





