BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल: के कोलार इलाके में गुरुवार सुबह एक किशोर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। 16 वर्षीय जय नमन वंशकार बुधवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने भाइयों के साथ कमरे में सो गया था। अगली सुबह जब परिजनों ने जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठा। तुरंत उसे जेके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार और पृष्ठभूमि
नमन वंशकार, धोली खदान क्षेत्र का निवासी था और नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता बिजली मिस्त्री हैं, जबकि मां स्थानीय स्कूल में सफाईकर्मी के रूप में काम करती हैं। घर में वह तीन भाइयों में से एक था।
पुलिस जांच
एएसआई जितेंद्र केवट ने बताया कि नमन के शरीर पर किसी जहरीले कीड़े के काटने के निशान नहीं मिले हैं। न ही उसने रात को किसी तरह की तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।





