रिपोर्ट- अंकित दुबे
BHMS गाजीपुर के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, रौजा के करीब 150 BHMS छात्र-छात्राएं अपनी इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को रैली निकालेंगे। छात्र कॉलेज परिसर से मार्च करते हुए जिलााधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
अन्य राज्यों के बराबर सुविधाएं देने की मांग
BHMS छात्रों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें इंटर्नशिप के दौरान केवल ₹7,500 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई और व्यावसायिक जरूरतों के मुकाबले काफी कम है। उनका तर्क है कि देश के कई राज्यों में होम्योपैथिक इंटर्न को ₹25,000 या उससे अधिक मासिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के छात्रों को भी समान अवसर और सम्मानजनक आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।

शांतिपूर्ण तरीके से रखेंगे अपनी बात
BHMS छात्रों ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। रैली के माध्यम से वे प्रशासन और सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करना चाहते हैं। उनका कहना है कि बेहतर स्टाइपेंड मिलने से इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे अपने प्रशिक्षण पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
प्रशासन से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद
BHMS छात्रों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनके ज्ञापन को राज्य सरकार तक पहुंचाएगा और उनकी मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। छात्रों ने मीडिया से भी उनकी आवाज को जन-जन तक पहुंचाने और इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की है।


