REPORT- DEVENDRA SHRIVAS, BY- ISA AHMAD
पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के कोटाडबरी गांव में धारदार हथियार से लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान पंकज पटेल (उम्र 22 वर्ष), निवासी कोटाडबरी चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तलवार बरामद की है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तलवार लहराकर फैला रहा था दहशत
मामला तब सामने आया जब कोटाडबरी क्षेत्र में एक युवक तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से धारदार तलवार बरामद हुई।
पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।





