रिपोर्ट: दमोह ब्यूरो चीफ
दमोह – जिले में मगरमच्छों के बढ़ते खतरे के बीच वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। व्यारमा नदी के हटरी एवं कनिया घाट पटी क्षेत्र में चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के तहत वन विभाग ने एक मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़ने में सफलता पाई है।
जानकारी के अनुसार, नदी के पास पिंजरे में मुर्गी और मछली को चारे के रूप में रखा गया था। जैसे ही मगरमच्छ शिकार की तलाश में आया, वह पिंजरे में फंस गया। इस पूरे अभियान में ग्रामीणों की मदद ली गई, जिनका सहयोग वन विभाग के लिए अहम साबित हुआ।
मगरमच्छ के पकड़े जाने से आसपास के ग्रामीणों में राहत और खुशी का माहौल देखने को मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में मगरमच्छ के हमलों से डर का माहौल बना हुआ था, लेकिन वन विभाग की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से अब थोड़ी राहत मिली है।
वन विभाग ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा, जिससे इंसानों और वन्यजीवों के बीच संतुलन बना रहे।





