रिपोर्टर: राम यादव
रायसेन जिले के गोपीसुर गांव की माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन में हुई भारी लापरवाही अब चर्चा में है। यहां छात्रों को बिना थाली के भोजन परोसा जा रहा था, जिससे बच्चे घुटनों पर रोटी रखकर खाना खाने को मजबूर थे।
स्वदेश न्यूज़ ने इस संवेदनशील मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और स्कूल प्रशासन की लापरवाही को उजागर किया। खबर सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया।
जिला पंचायत की सीईओ अंजू पवन भदौरिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएसी ब्लॉक मध्यान भोजन प्रभारी प्रदीप कुमार, जनशिक्षक रोशन शिल्पी, स्कूल प्रभारी वीर सिंह चौहान और संबंधित स्वयं सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इस कार्रवाई के बाद शाला में बच्चों के लिए थाली, ग्लास और चम्मच की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। अब बच्चे मध्यान्ह भोजन गरिमा और सम्मान के साथ प्राप्त कर सकेंगे।
स्वदेश न्यूज़ जनहित के मुद्दों को बेबाकी से उठाता रहा है और आगे भी जिम्मेदारों को उनके दायित्व का एहसास दिलाता रहेगा।





