Ahmedabad Plane Crash: “मेरे पापा को वापस ला दो, मैं टाटा को दूंगी 2 करोड़”, हादसे में पिता को खो चुकी फाल्गुनी का दर्द छलका

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

अहमदाबाद। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 की दुर्घटना के बाद, हादसे में अपने पिता को खो चुकी युवती फाल्गुनी की भावुक प्रतिक्रिया ने हर किसी का दिल छू लिया। डीएनए टेस्ट के लिए ब्लड सैंपल देने पहुंची फाल्गुनी ने कहा, “अगर कोई मेरे पापा को लौटा दे तो मैं टाटा ग्रुप को 2 करोड़ रुपये देने को तैयार हूं।”

हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों के लिए बीजे मेडिकल कॉलेज में ब्लड सैंपल देने की प्रक्रिया चल रही थी, जहां माहौल बेहद ग़मगीन था। कई लोग रोते हुए दिखे, तो कई अपनों की पहचान का इंतजार करते हुए चुपचाप बैठे थे।


“क्या मुआवज़ा मेरे पापा को वापस ला सकता है?”

फाल्गुनी ने पिता की मौत से टूटे मन से सवाल किया, “मेरी मां बीमार हैं, उन्हें पापा की ज़रूरत है। मुझे उनके प्यार की ज़रूरत है। अगर कोई उन्हें वापस ला सकता है, तो मैं 2 करोड़ रुपये भी देने को तैयार हूं।” यह कहते हुए वह लगातार रोती रहीं।

बता दें कि हादसे के बाद टाटा समूह की ओर से मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता देने का ऐलान किया गया था। मगर फाल्गुनी जैसे कई लोगों के लिए यह रकम अपनों की कमी नहीं भर सकती।


219 लोगों के लिए ब्लड सैंपल की प्रक्रिया पूरी

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 219 लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान के लिए डीएनए मिलान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “एक बार डीएनए मिलान पूरा होने के बाद शवों की पहचान करके उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।”

डीएनए जांच में 48 से 72 घंटे का वक्त लग सकता है। इसके लिए कई टीमों को काम पर लगाया गया है।


मलबे से निकला एक और शव

हादसे के दो दिन बाद, शनिवार को बचाव दल ने विमान के पिछले हिस्से के मलबे से एक और शव बरामद किया है। एयर इंडिया की यह फ्लाइट गुरुवार को अहमदाबाद से उड़ान भरने के महज 33 सेकंड बाद ही हादसे का शिकार हो गई थी। विमान लंदन के लिए रवाना हुआ था।

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: कलेक्टर की जांच में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रथम दृष्टया दोषी

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: सामूहिक विवाह में चांदी की जगह 'गिल्ट' मंगलसूत्र