जशपुर: युवती से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Jashpur: The accused of raping a girl was arrested within 24 hours

पुलिस टीम होगी सम्मानित

जशपुर।
थाना कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत एक युवती के साथ हुए दुष्कर्म के संगीन मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुनकुरी क्षेत्र में पढ़ाई कर रही थी और किराए के मकान में निवास करती थी। घटना के दिन शाम लगभग 8:30 बजे वह मकान के बाहर टहल रही थी, तभी एक अज्ञात युवक उसे देखकर उसके पास आया। युवती के कमरे के बाहर पहुंचकर युवक ने पानी मांगा। युवती द्वारा पानी की बोतल देने पर आरोपी ने बोतल को फेंककर जबरन कमरे में प्रवेश कर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को जमीन पर पटक दिया और चिल्लाने पर उसका मुंह दबा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी ने जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और आधे घंटे बाद मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पड़ोसियों और सहेली को दी, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुनकुरी में बीएनएस की धारा 64, 332(B), 127(2) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

चूंकि आरोपी अज्ञात था, पुलिस को उसके हुलिए के आधार पर खोजबीन करनी पड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं, जिन्होंने कुनकुरी के सभी 15 वार्डों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदेही युवक का धुंधला वीडियो फुटेज मिला, जिसके आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

एक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आदर्श नगर कुनकुरी से संदेही को हिरासत में लिया। पीड़िता ने उसे तुरंत पहचान लिया। आरोपी की पहचान अंकित खाखा (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई, जिसने पानी मांगने के बहाने युवती के कमरे में घुसकर दुष्कर्म किया था। पुलिस ने पर्याप्त सबूत जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील था और पुलिस टीम ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से कार्य करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस बेहतरीन कार्य के लिए जांच टीम में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।