जशपुर से ब्रेकिंग रिपोर्ट
जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे में सुलझा ली है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आए दिन शराब के नशे में धुत होकर घर में झगड़ा करता था। लगातार पारिवारिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग बालिका ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के दिन भी पिता शराब के नशे में था और घर में हंगामा कर रहा था, जिसके बाद बालिका ने घर में रखी टांगी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त टांगी को पुलिस ने नाबालिग बालिका के कब्जे से जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में बालिका ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
बागबहार थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। संदिग्ध परिस्थितियों में मृतक की मौत को लेकर परिवार से पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या की पूरी सच्चाई सामने आई।





