मंत्रालय से आया बुलावा, हड़ताल स्थगित
बेमेतरा ब्रेकिंग | रिपोर्ट – संजू जैन
बेमेतरा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया, जब छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की जिला अध्यक्ष विद्या जैन अपने साथियों के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गईं।
विद्या जैन की भूख हड़ताल की खबर जैसे ही मीडिया में प्रकाशित हुई, प्रशासन और मंत्रालय में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय से संयुक्त संचालक द्वारा बैठक के लिए बुलावा भेजा गया।
संघ की प्रांताध्यक्ष पद्मावती साहू के निर्देश पर फिलहाल भूख हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। अब जिला अध्यक्ष विद्या जैन अपनी टीम के साथ मंत्रालय जाकर अपनी मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखेंगी।
संघ की प्रमुख मांगों में वेतनवृद्धि, स्थायीकरण, सेवा शर्तों में सुधार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ शामिल है। विद्या जैन ने स्पष्ट किया है कि यदि मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा।
इस घटनाक्रम से साफ है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज अब सरकार तक पहुंच रही है, और उनके हक के लिए लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।





