रिपोर्टर- कुशाल चोपड़ा
बीजापुर: जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा ने अपने जन्मदिन को एक अनोखे अंदाज में मनाते हुए प्राथमिक शाला पदेड़ा (ग्राम नियद नेल्लानार) में स्कूली बच्चों के साथ उत्सव मनाया। इस मौके पर केक काटा गया और बच्चों के साथ स्वादिष्ट भोजन का आयोजन किया गया।

बच्चों संग न्यौता भोज
कलेक्टर संबित मिश्रा ने स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों के बीच बैठकर भोजन किया और खीर, पूड़ी, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया। इस विशेष अवसर पर उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग और टी-शर्ट भी भेंट किए।
खुशी से झूम उठे स्कूली बच्चे
बच्चे अपने बीच कलेक्टर को पाकर बेहद उत्साहित दिखे। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा संचालित “निपुण बीजापुर” (जो गतिविधियों पर आधारित खेल-खेल में शिक्षा पर केंद्रित है) और “दक्ष बीजापुर नवोदय” (प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष योजना) से जुड़ी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया गया।
बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
कलेक्टर ने बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर खुशी जाहिर की और उन्हें पढ़ाई के प्रति अधिक रुचि लेने और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जा सकता है और प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
समाज को दिया सकारात्मक संदेश
कलेक्टर द्वारा किया गया यह आयोजन एक प्रेरणादायक पहल रही, जिसने समाज को यह संदेश दिया कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संबंध बनाए रखना आवश्यक है। बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर कलेक्टर ने अपने दायित्व को केवल प्रशासनिक भूमिका तक सीमित न रखकर मानवीय संवेदनाओं से भी जोड़ा।
इस अनोखे आयोजन से बच्चों में खुशी का माहौल देखने को मिला और स्कूल के शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।





