Report: Arun kumar
Vijayadashami News गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ जी का पारंपरिक विधि-विधान के साथ विशिष्ट पूजन और अनुष्ठान संपन्न किया। मंगलवार सुबह विशेष पारंपरिक परिधान में सीएम योगी ने गोरक्षपीठ की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए चराचर जगत और प्रदेशवासियों के सुख, शांति व समृद्धि की मंगल कामना की। यह पूरा धार्मिक अनुष्ठान दो घंटे से अधिक समय तक चला।
शक्तिपीठ से लेकर मुख्य मंदिर तक हुआ वैदिक अनुष्ठान
Vijayadashami News विशिष्ट पूजन की शुरुआत शारदीय नवरात्र प्रतिपदा से चल रहे अनुष्ठानों के केंद्र गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ से हुई। यहाँ वेदी पूजन और लोकमंगल की प्रार्थना के उपरांत, सीएम योगी प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, साधु-संतों, संस्कृत विद्यापीठ के आचार्यों और वेदपाठी छात्रों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरखनाथ जी के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुँचे। शंख, डमरू, घंट, तुरही और नागफनी की गूंज के साथ उन्होंने नाथपंथ की परंपरा के अनुसार महायोगी गोरखनाथ की विशेष पूजा की, जवारे अर्पित किए और चंवर झुलाकर श्रद्धा सेवा अर्पित की।
देव विग्रहों और गुरुओं की समाधि पर नमन
Vijayadashami News गुरु गोरखनाथ जी की आराधना के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में अखंड ज्योति, सभी देव विग्रहों, यज्ञशाला, अखंड धूना और भीम सरोवर का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज और योगिराज बाबा गंभीरनाथ जी महाराज सहित नाथपंथ के सभी मनीषियों के समाधि स्थलों पर जाकर शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पूरा मंदिर परिसर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनि से भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
गोपूजन और जीव सेवा के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान
विजयादशमी के इस पावन अनुष्ठान के क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोपूजन किया। उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ गोमाता को गुड़ खिलाया और उन्हें दुलारते हुए गोसेवा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर में जाकर मछलियों को भी दाना (लायी) खिलाया।


