रिपोर्ट – प्रेमपाल सिंह
Shikohabad Railway Fire शिकोहाबाद में रेलवे स्टेशन के पास माल गोदाम पर खड़ी रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस मशीन की एक बोगी में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मशीन में इंजन के साथ कुल आठ बोगियां लगी थीं और आग सबसे पीछे वाली बोगी में लगी।
आग लगते ही अलग किया गया इंजन और दूसरी बोगियां
Shikohabad Railway Fire आग लगने के बाद ट्रैक मेंटेनेंस मशीन में मौजूद कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए। इसके बाद इंजन और अन्य बोगियों को आग लगी बोगी से अलग कर दिया गया, ताकि आग दूसरी बोगियों तक न पहुंच सके।
जोरदार धमाके से दूर तक जा गिरे लोहे के उपकरण
Shikohabad Railway Fire इसी दौरान आग लगी बोगी में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि बोगी में रखे लोहे के उपकरण दूर तक जा गिरे। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बोगी में रखे सिलेंडर के फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिरोजाबाद और सिरसागंज से पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
Shikohabad Railway Fire घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद और सिरसागंज से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडे ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर बुला ली गई। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और रेलवे अधिकारी घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।


