Report: Vandna Rawat
UP RISE Innovation उत्तर प्रदेश में युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार की पहल यूपी राइज छात्रों को अपने नए विचारों को मंच देने का अवसर दे रही है। इसी क्रम में लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने तकनीक आधारित कई नए कारोबारी मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, कृषि, जल गुणवत्ता, रियल एस्टेट और पारंपरिक शिल्प से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल रहे।
एआई से स्वास्थ्य और सुरक्षा तक दिखे नए विचार
UP RISE Innovation कार्यक्रम में ध्रुव एक्स स्काईशील्ड ने पोर्टेबल कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ड्रोन रोधी रक्षा तंत्र, निदानवाणी ने स्वास्थ्य सेवा मंच, मेरिडियन ने स्मार्ट पहनने योग्य मुद्रा निगरानी तंत्र और संवेदना ने एआई आधारित मानसिक स्वास्थ्य मंच प्रस्तुत किया।

वहीं स्कैनविडेंस ने चिकित्सकों के लिए रोगी आंकड़ों के विश्लेषण और निदान में मदद करने वाला चिकित्सकीय मंच तैयार किया। जियोक्वेरी लैब ने संपत्ति से जुड़ी जानकारी, इनोवेट8एक्स ने एआई आधारित निगरानी एवं सुरक्षा तंत्र, शिल्पसेतु ने कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़ने वाला डिजिटल बाजार और एग्रीक्यू ने सटीक कृषि के लिए स्वचालित तंत्र प्रस्तुत किया।
इनोवेट8एक्स पहले, स्कैनविडेंस दूसरे स्थान पर
UP RISE Innovation प्रतियोगिता में इनोवेट8एक्स ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में रमिश अदील, मुस्कान, फराज नदीम, लैबा रहमान, रेहान शेख और फैजान-ए-रजा शामिल रहे। स्कैनविडेंस की टीम दूसरे स्थान पर रही, जिसमें अनस खालिद, अब्दुल मलिक, अली हसन, अलीना फारूकी, अब्दुल रहमान और साहेर जहरा शामिल हैं।
तीसरा स्थान मेरिडियन टीम को मिला। टीम में इमामा बिन्त अनवर, अरिशा खानम, अब्दुल्ला अशरफ अली, मोहम्मद सायम अशरफ, एमडी मामूनुर रशीद और हसन अब्बास नियाजी शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने परखी प्रतिभा, लखनऊ विश्वविद्यालय में भी होगा आयोजन
UP RISE Innovation छात्रों के विचारों और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन हर्षित देसाई, सिमरन साहनी, पूनम खंडेलवाल और हर्षवर्धन जवेरी ने किया। यूपी राइज के जरिए छात्रों को अपने नवाचारों को कारोबारी मॉडल के तौर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस पहल के तहत छात्रों को बुकमायशो में प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा।
यूपी राइज का अगला कार्यक्रम लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जहां छात्रों को अपने नवाचार और नए विचार प्रस्तुत करने का एक और मंच मिलेगा।


