Report: Ratan kumar
Jamtara Cyber Crime झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी गांव स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में छापेमारी कर पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। मौके से 11 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। एक आरोपी पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।

Jamtara Cyber Crime फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को विभिन्न कुरियर कंपनियों का कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद वे मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजते और उसे इंस्टॉल कराने के लिए कहते थे। फाइल इंस्टॉल होते ही पीड़ितों की निजी और संवेदनशील जानकारी तक उनकी पहुंच बन जाती थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस का मानना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है।

Jamtara Cyber Crime विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना जामताड़ा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, ऐप या APK फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करने से बचें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



