,

Drug Addiction : कम कीमत और आसान उपलब्धता के कारण युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की लत, परिवार और समाज पर पड़ रहा गहरा असर

REPORT : AJIT KUMAR THAKUR

Drug Addiction : सुपौल में बढ़ता ‘सुखा नशा’ बना चिंता का विषय, नाबालिग भी चपेट में

Drug Addiction : सुपौल जिले में तेजी से फैल रहा “सुखा नशा” अब समाज और परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। खासकर नाबालिगों और युवाओं के बीच इसका बढ़ता प्रचलन अभिभावकों, शिक्षकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक इसका असर देखने को मिल रहा है। जानकारों के अनुसार, आसानी से उपलब्ध होने और कम कीमत होने के कारण युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं।

Drug Addiction : पढ़ाई छोड़ गलत संगत में जा रहे युवा

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई युवा इस नशे की लत में पड़कर पढ़ाई-लिखाई छोड़ रहे हैं और गलत संगत का हिस्सा बनते जा रहे हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि कुछ युवक अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए घरों में चोरी-चकारी तक करने लगे हैं। इससे परिवारों में तनाव बढ़ रहा है और सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव और बढ़ती आक्रामकता चिंता का कारण बन रही है।

Drug Addiction : पुलिस कार्रवाई के बावजूद नहीं रुक रहा अवैध कारोबार

पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। कई मामलों में तस्करों के साथ नशा करने वाले युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। लोगों का आरोप है कि जिले के कुछ इलाकों में गुप्त रूप से सुखा नशे की बिक्री लगातार जारी है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए अभिभावकों को बच्चों पर विशेष निगरानी रखनी होगी तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते इस बढ़ते नशे पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह समाज के लिए बड़ा संकट बन सकता है। सुपौल पहुंचे प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से बच्चों को शिक्षित करने और उन्हें नशे की लत छोड़ने की सलाह देने की अपील की।