Report: Ram yadav
- पठारी क्षेत्र में विद्युत पोल पर काम करते समय आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत
- परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर किया चक्का जाम
- मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी और अन्य मुआवज़े की मांग
विदिशा जिले के पठारी थाना क्षेत्र में चंदनपुर ट्रांसफार्मर के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चंद्रेश विश्वकर्मा, जो बिजली विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था, विद्युत पोल पर चढ़कर मेंटेनेंस का काम कर रहा था। काम के दौरान लाइन बंद थी, लेकिन इसी बीच अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे चंद्रेश को जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना को हत्या जैसा अपराध बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने आज शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को बिजली विभाग में सरकारी नौकरी देने समेत अन्य मांगें रखीं। आश्वासन और समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





