BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल : शनिवार देर रात भोपाल के बैरसिया इलाके के पास दो कारों की जोरदार टक्कर में श्योपुर जिले के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब पांच लोग अर्टिगा कार में भोपाल से श्योपुर लौट रहे थे। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को जोर से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रफाकत गौरी उर्फ किंग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बैरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
- मौलाना अनीस साहब (बालापुरा, श्योपुर)
- खालिद भाई (बगवाज, श्योपुर)
- साजिद भाई (बगवाज, श्योपुर)
- नावेद भाई (किला श्योपुर)
कौन क्या करता था
- मौलाना अनीस – स्थानीय मदरसा संचालित करते थे।
- नावेद – पहले ट्रैफिक पुलिस में वार्डन थे, बाद में किराए की कार चलाने लगे।
- साजिद – बगवाज में खेती करते थे, उनके दो बेटे और एक बेटी है।
- खालिद – खेती-बाड़ी करते थे।
कौन घायल हुआ
- रफाकत गौरी उर्फ किंग (बालापुरा) – गंभीर हालत में उपचाररत।
कहां से लौट रहे थे
चारों लोग परवलिया में आयोजित मौलाना महमूद मदनी के जलसे में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे रात का भोजन कर श्योपुर के लिए रवाना हुए थे। करीब 60 किलोमीटर दूर बैरसिया-नजीराबाद रोड पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।





