BY: Yoganand shrivastva
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी कर बुधवार को भारत लौट आए हैं। उनकी वापसी के तुरंत बाद दिल्ली में हुए ब्लास्ट को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए आज शाम 5:30 बजे कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर होगी और इसे बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में हाल ही में लाल किला के पास हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की थी, जिसके बाद दिल्ली धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई थी।
भूटान यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वहां आयोजित समारोह में हिस्सा लिया था, जो भूटान के पूर्व नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ था। इस दौरान उन्होंने भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ ऊर्जा, व्यापार और प्रौद्योगिकी जैसे कई प्रमुख मुद्दों पर बातचीत की।
दिल्ली धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि “दिल्ली में हुई दुखद घटना ने पूरे देश को व्यथित किया है। मैं भूटान बहुत भारी मन से आया हूं। पूरी रात मैं जांच एजेंसियों के साथ स्थिति की समीक्षा करता रहा। यह साजिश कितनी भी गहरी क्यों न हो, दोषियों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।”





