BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: गिरवाई क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के 37 दिन बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि युवती लगातार युवक को ब्लैकमेल कर रही थी और धमकियों से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, गिरवाई सिद्ध बाबा की घटिया निवासी 20 वर्षीय जावेद खान 6 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे प्रेमिका नगीना खान के किराए के घर (मेहंदी वाला सैयद गोल पहाड़िया) के बाहर मृत पाया गया था। नगीना ने ही जावेद को अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे थे। परिवार ने प्रारंभ में नगीना खान पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि जावेद की मौत फांसी लगाने से हुई थी। रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने नगीना खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
परिजनों का कहना है कि नगीना लगातार जावेद को ब्लैकमेल कर रही थी और धमकाकर उसे परेशान करती थी। फिलहाल गिरवाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





