बड़वाह: युवक के साथ मंडलेश्वर में एक संदिग्ध घटना हुई है,जहां एक शादी समारोह में मारपीट के बाद 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक राजू देवले मूलत काटकूट फाटा का निवासी था। वह अपने ससुराल शादी समारोह में गया था। जहां शराब पीने से मना करने पर राजू के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। राजू अपने परिजनों के साथ मंडलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस के वाहन में मंडलेश्वर से गुलावर गया। यहां पुलिस ने उसे ससुराल पक्ष द्वारा छीनी गई बाईक दिलवाई। इसी बाईक से वह पुलिस वाहन के पीछे बाईक से वापस थाने आ रहा था। लेकिन थाने नहीं पहुंचा। परिजन रात में उसे करीब 3 घंटे तक ढूंढते रहे। आखिरकार वह रात 11.30 बजे रोड किनारे घायल अवस्था में मिला। लेकिन ईलाज के लिए बड़वाह लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजन देर रात शव बड़वाह अस्पताल लाए है। शुक्रवार सुबह शव का पीएम बड़वाह सिविल अस्पताल में हो रहा है। परिजनों को आशंका है कि पुलिस वाहन से पीछे रह जाने के कारण ससुराल पक्ष के लोगों ने राजू को रोककर मारपीट की होगी।




