BY: Yoganand Shrivastava
हापुड़ (उत्तर प्रदेश): हापुड़ जिले के ब्रजघाट में रविवार को बड़ा सड़क हादसा टल गया। मुरादाबाद से दिल्ली जा रही यूपी रोडवेज की एक बस गंगा पुल पर अनियंत्रित होकर बीच पुल पर लटक गई। बस में उस समय 16 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जब ब्रजघाट गंगा नदी पुल पर पहुंची तो सड़क पर एक पत्थर (या ईंट) पड़ी थी। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने अचानक स्टीयरिंग मोड़ा, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल के किनारे पर अटक गई। हादसे के बाद बस का आगे का हिस्सा हवा में लटक गया जबकि पिछला हिस्सा पुल पर टिका रहा।
घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत दल को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस चालक हादसे में घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि हादसे की वजह सड़क पर पड़ा पत्थर था, जिसकी जांच की जा रही है। समय रहते बस को गिरने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।





