BY- ISA AHMAD
धमतरी जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन सड़कों पर खून बहने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी का है, जहां शुक्रवार देर रात एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान ग्राम कलारतराई निवासी अशोक सिन्हा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक शुक्रवार रात अपने घर लौट रहे थे, तभी कोलियारी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया है। वहीं, ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर धमतरी की सड़कों की खतरनाक स्थिति और लापरवाह ड्राइविंग की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल उपाय और सख्त कार्रवाई की मांग की है।





