Mohit Jain
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच मध्य पूर्व की बदलती स्थिति पर महत्वपूर्ण फोन वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने गाजा में संभावित युद्धविराम, बंदियों के आदान–प्रदान, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और सीरिया में स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत का मुख्य फोकस गाजा में संघर्ष विराम की संभावनाएं और मानवीय मुद्दे रहे। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के स्तर पर भी समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी।

अमेरिका की ओर से हाल ही में संयुक्त राष्ट्र में गाजा संघर्ष पर तेज़ कूटनीतिक गतिविधियों और राष्ट्रपति ट्रंप की 20 सूत्रीय योजना को समर्थन दिलाने की कोशिशों के बीच यह बातचीत बेहद अहम मानी जा रही है। इस योजना में तत्काल युद्धविराम, बंधकों की रिहाई, इज़राइली सेना की चरणबद्ध वापसी और गाजा के पुनर्निर्माण का रोडमैप शामिल है।
इज़राइली रिपोर्ट्स के अनुसार, चर्चा की पहल पुतिन की ओर से हुई थी और यह बातचीत क्षेत्रीय सुरक्षा के व्यापक मुद्दों तक विस्तार पाई। इससे पहले अक्टूबर में भी दोनों नेताओं ने गाजा पर अंतरराष्ट्रीय शांति प्रस्ताव को लेकर बातचीत की थी।
गाजा में तनाव कम करने को लेकर यह बातचीत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


