Report: Ratan kumar
Jamtara Cyber Crime जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
Jamtara Cyber Crime साइबर डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर बने एक मकान में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताकाटा गांव निवासी सुनीत कुमार दास (25), कपिल दास (30) और सीतेश्वर दास (29) तथा काशीटांड़ गांव निवासी तनवीर अंसारी (20) के रूप में हुई है। चारों कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
केवाईसी अपडेट और बिजली बिल के नाम पर करते थे ठगी
Jamtara Cyber Crime पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक खातों की केवाईसी अपडेट कराने, ई-चालान, शादी कार्ड, आमंत्रण पत्र, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी के कनेक्शन के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके लिए वे लोगों को एपीके फाइल भेजते और व्हाट्सऐप पर स्क्रीन साझा करने के लिए कहते थे। इसी तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
कई राज्यों तक फैला था ठगी का नेटवर्क
Jamtara Cyber Crime पुलिस के मुताबिक, ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न राज्यों में संचालित फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी। आरोपियों की गतिविधियों का दायरा देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस बरामद मोबाइल फोन, टैब और सिम कार्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम, 2023 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Read this: Rabia Khatoon One Day SHO: मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा राबिया खातून बनीं एक दिन की थाना प्रभारी


