,

प्रियंका गांधी वाड्रा निजी दौरे पर शिमला पहुंची, परिवार के साथ वक्त बिताएंगी सांसद

Priyanka Gandhi reached Shimla on personal visit, will celebrate New Year with family

नए साल के पहले दिन प्रियंका गांधी वाड्रा शिमला पहुंची हैं। प्रियंका गांधी यहां एक सप्ताह तक रूक सकती हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार करीब डेढ़ बजे अपने निवास स्थान छराबड़ा पहुंचीं। प्रियंका गांधी यहां अपने बच्चों से मिलने आई हैं। उनके बच्चे तीन दिन पहले ही शिमला पहुंच गए हैं। शिमला में बीते दिनों हुई ताजा बर्फबारी को देखने के लिए प्रियंका गांधी का परिवार अपने घर आया है। प्रियंका गांधी बुधवार को चंडीगढ़ सड़क मार्ग से होते हुए छराबड़ा पहुंची। प्रियंका गांधी का यह निजी दौरा बताया जा रहा हैं। प्रियंका गांधी आगामी एक हफ्ते तक शिमला में रूक सकती हैं। लेकिन इस दौरान उनका कोई भी राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगा न ही वे यहां किसी नेता से मिलेंगी।


गौरतलब है कि प्रियंका गांधी का शिमला में अपना घर है और वे साल भर अक्सर यहां आती रहती हैं। प्रियंका गांधी के अलावा राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी कई मर्तबा शिमला आ चुकी हैं। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव की पूरी रणनीति गांधी परिवार ने शिमला में तैयार की थी। जबकि महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव के बीच भी गांधी परिवार शिमला में रहा था। इस बार प्रियंका गांधी नया साल मनाने परिवार के साथ शिमला पहुंची हैं।

बता दें कि शिमला से लगभग 14 किलोमीटर दूर छराबड़ा में प्रियंका गांधी ने अपना मकान बना रखा है। प्रियंका अक्सर छराबड़ा आती रहती हैं। प्रियंका गांधी अपने बच्चों के साथ यहां अगले पांच-छह दिन तक रुकेंगी। हालांकि आधिकारिक तौर पर उनका कोई प्रोग्राम नहीं आया है।