ग्रमाडो। दक्षिणी ब्राजील में पर्यटकों को आकर्षित करने वाले शहर ग्रमाडो में रविवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई है। कम से कम 15 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से ज्यादातर दुर्घटना से लगी आग और उससे निकले धुंए के कारण पीड़ित हो गए। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों ने बताया कि विमान पहले एक इमारत की चिमनी से टकराया फिर एक घर की दूसरी मंजिल को। इसके बाद फर्नीचर की दुकान से टकरा गया। हादसे के बाद विमान का मलबा पास के एक सराय में भी जाकर गिरा। ब्राजील में यह दो दिन में दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले शनिवार को ब्राजील के मिनस गेरैस राज्य में एक सड़क हादसे में 38 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 13 लोग घायल हुए थे। बस साओ पाउलो से रवाना हुई थी और इसमें 45 यात्री सवार थे। एक कार बस से टकराई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग सुरक्षित बच गए।





