Meerut: वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।
जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि श्री असीम अरुण का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर महाराज के मंच पर मंगल आगमन के साथ पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की गई।
इसके बाद धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने अपने अमृत वचनों से श्रद्धालुओं को सन्मार्ग, धर्म और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का मंगल आशीर्वाद दिया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।
Meerut: शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर मंत्री असीम अरुण का सम्मान
समारोह के दौरान जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण को पूज्य आचार्य श्री सौरभ सागर महाराज के पावन सानिध्य में शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके साथ ही उन्हें अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई। जैन समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और तेजस्वी जीवन की मंगल कामना भी की।
अपने संबोधन में मंत्री श्री असीम अरुण ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज की ओर से किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
श्री असीम अरुण ने अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करने के साथ सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए जैन समाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैन समाज सदैव अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।
उन्होंने जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। मंत्री ने कहा कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्य में वह जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर सहयोग करते रहेंगे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी और जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


