Kapurthala Visit : कपूरथला में बोले सीएम सैनी: पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशा चरम पर, ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम पूरी तरह फेल
Kapurthala Visit : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के कपूरथला पहुंचे। यहाँ उन्होंने प्रसिद्ध माता भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की और माथा टेका। इस दौरान उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशा और चुनाव प्रणाली को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही, कांग्रेस और आप के गठबंधन को वैचारिक रूप से एक बताया।
Kapurthala Visit : माता भद्रकाली के चरणों में शीश नवाकर खुद को भाग्यशाली माना

मंदिर में पूजा करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां के चरणों में माथा टेकने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है। उन्होंने माता रानी से देश और प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में स्थानीय नेताओं और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
Kapurthala Visit : कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की विचारधारा एक
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ऊपर से अलग दिखने का नाटक करती हैं, लेकिन अंदरखाने दोनों आपस में मिली हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों की विचारधारा और नीतियां एक जैसी हैं, जो सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति करती हैं।
Kapurthala Visit : पंजाब निकाय चुनावों में कानून-व्यवस्था की उड़ी धज्जियां
मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब में हाल ही में हुए निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए वहां की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया।
Kapurthala Visit : बैलट पेपर से चुनाव कराना सरकार के डर का प्रतीक
पंजाब सरकार द्वारा बैलट पेपर से चुनाव कराने के फैसले पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी हार से डरी हुई है। यही वजह है कि उन्होंने ईवीएम की जगह बैलट पेपर का सहारा लिया, जो उनके डर को साफ जाहिर करता है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब सरकार बताए कि उसने जनता से किए वादों में से कितने पूरे किए हैं?
Kapurthala Visit : पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे की मुहिम फेल
पंजाब की आंतरिक स्थिति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। गैंगस्टरवाद को लगातार बढ़ावा मिल रहा है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और राज्य के युवा आज भी नशे की गर्त में डूब रहे हैं।
Kapurthala Visit : हरियाणा की ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
हरियाणा का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में ‘डबल इंजन’ की सरकार जनता के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। केंद्र सरकार की ‘आयुष्मान भारत योजना’ में राज्य सरकार ने ‘चिरायु योजना’ को जोड़कर हरियाणा के लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज का बड़ा लाभ दिया है।
Kapurthala Visit : पंजाब में खिलेगा कमल
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है। राज्य के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और विकास नीतियों से प्रभावित हैं और आने वाले समय में पंजाब की धरती पर भी ‘कमल’ खिलाने का काम करेंगे।





